गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन, फरियादियों की समस्या फटाफट दूर करने के आदेश

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन, सोमवार को सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की तरफ से लापरवाही किए जाने की शिकायत की तो उन्होंने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. इस अवसर पर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से उन्होंने कहा कि सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी. इसके लिए जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अगर जरूरत पड़े तो विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े.
गोरखनाथ मंदिर परिसर में, महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 150 फरियादियों से मिल कर उनके समस्या के समाधान का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने कुर्सी पर बैठे लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं. उनके प्रार्थना पत्र अपने हाथ में लेकर पढ़कर शिकायत का संज्ञान लिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिया,सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. एक महिला ने मृतक आश्रित में नौकरी के लिए गुहार लगाई, तो इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जांच कर मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया. उन्होंने अलग-अलग मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित और हस्तगत किया.
जनता दर्शन में एक महिला में इलाज के लिए सहायता देने का निवेदन किया. मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा. महिला ने बताया कि आयुष्मान कार्ड नहीं है. इस पर सीएम ने मौके पर मौजूद अफसरों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द इनका आयुष्मान कार्ड बनवा दिया जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिकारी हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े.




