FIFA World Cup: जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से हराकर वर्ल्ड कप अभियान का किया शानदार आगाज

जर्मनी ने रविवार को कुराकाओ को 7-1 से हराकर अपने फीफा वर्ल्ड कप 2026 अभियान की जबरदस्त शुरुआत की. फेलिक्स नमेचा ने टूर्नामेंट का अब तक का सबसे तेज गोल किया और जूलियन नागेल्समैन की टीम को ग्रुप E के पहले मैच में आसानी से जीत दिलाई.
चार बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली और छह मिनट के अंदर ही शानदार गोल कर दिया. यह टूर्नामेंट का सबसे जल्दी किया जाने वाला गोल था.
हालांकि, कुराकाओ-जो आकार और आबादी दोनों लिहाज से वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने वाला अब तक का सबसे छोटा देश है-ने पहले हाफ के बीच में ही गोल करके जर्मन टीम को चौंका दिया. जिसके साथ स्कोर 1-1 से बराबर हो गया. लगभग 1,55,000 की आबादी और सिर्फ 171 वर्ग मील जमीन वाले इस कैरेबियाई देश की तरफ से लिवानो कोमेनेंसिया ने गोल किया.
हाइड्रेशन ब्रेक के बाद जर्मनी ने फिर से मैच पर पकड़ बना ली और एक के बाद एक करके कुल 6 गोल करके चैंपियन टीम जैसा खेल का प्रदर्शन किया और टीम को अपने पहले मैच में शानदार जीत दिला दी. जर्मनी की तरफ से निको श्लॉटरबेक, काई हावर्ट्ज, जमाल मुसियाला, नथानिएल ब्राउन, उंडाव ने गोल किए.
‘जर्मनी जैसी टीम से हारने में कोई शर्म की बात नहीं है’
कुराकाओ के कोच एडवोकेट ने माना टूर्नामेंट में जर्मनी जैसी बड़ी टीम से हारने में कोई शर्म की बात नहीं हैं. उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करना ही कैरेबियाई टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी.
मैच के बाद बात करते हुए, एडवोकेट ने दोनों टीमों के बीच के अंतर को माना, लेकिन जोर देकर कहा कि इस नतीजे को उस उपलब्धि पर हावी नहीं होने देना चाहिए जो उनके खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में पहुंचकर हासिल की थी.
उन्होंने कहा, ‘हमें अपना आत्मविश्वास बनाए रखना होगा और खुद पर भरोसा रखना होगा. यह हमारा पहला वर्ल्ड कप है, और बाकी मैचों में अभी भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है.’
कुराकाओ का अगला मुकाबला इक्वाडोर से होगा, जबकि जर्मनी का सामना कोटे डी आइवर से होगा.




