
पानीपत/चंडीगढ़, 3 अक्टूबर 2026: पानीपत में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आम जनता से संवाद बढ़ाने और किसान, युवा, खिलाड़ी, व्यापारी एवं आम नागरिकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

मंडियों से खेल मैदान तक व्यवस्था दुरुस्त करे सरकार: संजय दत्त
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि प्रदेश का किसान फसल लेकर मंडियों में दर-दर भटकने को मजबूर है। धान और बाजरे की समय पर खरीद, उठान और पारदर्शी भुगतान की व्यवस्था करने में सरकार नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि किसान और खिलाड़ी दोनों ही हरियाणा की आन-बान-शान हैं। सरकार का दायित्व केवल पदक जीतने के बाद सम्मान करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षित भविष्य की जवाबदेही भी सरकार को उठानी चाहिए। संजय दत्त ने मैरी कॉम का उदाहरण देते हुए कहा कि महान खिलाड़ियों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए स्थायी नीति बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग भी रखी।

“पदक लाओ, पद पाओ” नीति कांग्रेस की देन: राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान कांग्रेस शासनकाल की दूरदर्शी खेल नीतियों का परिणाम है। कांग्रेस ने “पदक लाओ, पद पाओ” नीति के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और सम्मानजनक स्थान से नवाजा।
उन्होंने वर्तमान सरकार से सवाल किया कि गांवों में बने खेल मैदानों और स्टेडियमों की सुध क्यों नहीं ली जा रही? उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब बूथ और गांव स्तर पर खिलाड़ियों, किसानों और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
पदक की उम्मीद से पहले बुनियादी सुविधाएं देना जरूरी: दीपेंद्र हुड्डा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसी खिलाड़ी से अंतरराष्ट्रीय मंच पर मेडल की उम्मीद करने से पहले सरकार को उसे आधुनिक उपकरण, बेहतर कोचिंग, चिकित्सा और प्रशिक्षण सुविधाएं देनी होंगी। गांवों में असीम प्रतिभा है, लेकिन संसाधनों के अभाव में युवा आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और खिलाड़ी हरियाणा की ताकत हैं और इनके हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संगठन मजबूती का संकल्प
सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने बूथ कार्यकर्ताओं को संगठन की वास्तविक ताकत बताते हुए गांव-गांव जाकर जनसमस्याएं सुनने और आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर इंदू राज नरवाल, रमेश मलिक, दिव्यांशु बुद्धिराजा, सचिन कुंडू, बलबीर वाल्मीकि, राजेंद्र शर्मा, जय कुमार और मनोज बैरागी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




