नेपाल में भीषण बाढ़ की तबाही के बीच बैंक लॉकर में लूट, 29 लोग गिरफ्तार, 92 लाख रुपये बरामद
त्रिशूली नदी के किनारे बहकर आए बैंक लॉकर को तोड़कर पैसे चुराने के आरोप में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; महिला के शव से गहने चुराने वाले भी पकड़े गए

धाडिंग (नेपाल): नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से मची भारी तबाही के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आया एक बैंक लॉकर धाडिंग जिले की गल्छी ग्रामीण नगरपालिका-4 में त्रिशूली नदी के किनारे बेलखुखोला के पास मिला। लॉकर मिलने के बाद स्थानीय लोगों में उसमें रखे पैसों को निकालने की होड़ मच गई और लोगों ने लॉकर तोड़कर बड़ी रकम निकाल ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की टीम ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और 29 लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के पास से 92,68,505 नेपाली रुपये (भारतीय मुद्रा में करीब 58 लाख रुपये) की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस कार्रवाई और जांच
धाडिंग पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की उम्र 19 से 49 वर्ष के बीच है। पकड़े गए अधिकांश लोग गल्छी-4 (मास्टार) के निवासी हैं, जबकि कुछ आरोपी गल्छी-6 और सिद्धालेख-7 से संबंध रखते हैं। अधिकारियों का कहना है कि वे बरामद रकम के सही स्रोत और इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रहे हैं।
शव से गहने चुराने का मामला भी आया सामने
आपदा के बीच अपराध की यह पहली घटना नहीं है। नारायणी नदी में बहकर आई एक बाढ़ पीड़ित महिला के शव से सोने की बालियां चुराने के आरोप में भी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर इस कृत्य का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा।
नेपाल में हालिया विनाशकारी बाढ़ के कारण अब तक 600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 2,400 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस त्रासदी के बीच राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।




