
2 अगस्त, चंडीगढ़: हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को बड़ी सफलता मिल रही है। इस मुहिम में हरियाणा पुलिस और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स (Sniffer Dogs) नशा तस्करों के खिलाफ सबसे बड़ा और प्रभावी हथियार बनकर उभरे हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान, इन जांबाज डॉग्स की मदद से पुलिस ने विभिन्न छापेमारी अभियानों में ड्रग्स तस्करी के 48 मामलों का सफल खुलासा किया है।

इन तीन ‘स्टार डॉग्स’ का रहा जलवा
इस अभियान के दौरान पुलिस के डॉग स्क्वॉड ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा), स्मैक, गांजा, चरस और अफीम जैसे नशीले पदार्थ बरामद किए। इनमें तीन स्निफर डॉग्स का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा:
-
बोल्ट (HK132): कुल 15 ऑपरेशनों में सफलता दिलाकर सबसे आगे रहा।
-
रैम्बो (HK133): 14 मामलों में अहम भूमिका निभाई। रैम्बो की सूँघने की क्षमता की बदौलत ही 5 क्विंटल 50 किलोग्राम से अधिक डोडा पोस्त की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई।
-
रोमियो (HK131): 12 एनडीपीएस (NDPS) मामलों में पुलिस टीम की मदद की।

इनके अलावा जग्गा, जैक, शेरू और ब्रूनो जैसे अन्य प्रशिक्षित डॉग्स ने भी राज्य के अलग-अलग जिलों (जैसे हिसार, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में गुप्त ठिकानों और वाहनों में छिपाकर रखी गई ड्रग्स को ढूंढ निकालने में बेहतरीन काम किया है।

जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही पुलिस
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री अजय सिंघल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश में नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। आधुनिक तकनीक, खुफिया जानकारी और स्निफर डॉग्स के बेहतरीन तालमेल से तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।
जनता से अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में भागीदार बनने की अपील की है। यदि आपको कहीं भी नशा तस्करी की जानकारी मिलती है, तो तुरंत राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या डायल-112 पर सूचना दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।




