Haryana

गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय की मौत के बाद हंगामा, शव रखकर कंपनी के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग

हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-64 स्थित ग्रोसरी डिलीवरी स्टोर के बाहर सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब कंपनी के डिलीवरी बॉय धर्मपाल की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद कर्मचारी और परिजन विरोध प्रदर्शन पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हादसे में जान गंवाने वाले धर्मपाल के परिवार को कंपनी की ओर से अब तक कोई सुनिश्चित मुआवजा नहीं दिया गया है.

मृतक के परिजनों और अन्य कर्मचारियों ने धर्मपाल के शव को स्टोर के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कंपनी को अपने कर्मचारी के परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठानी चाहिए और उचित मुआवजा देने की घोषणा करनी चाहिए. इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी और परिजन स्टोर के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी कर रहे हैं.

प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि धर्मपाल कंपनी के लिए काम करते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे और सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई, लेकिन इसके बावजूद कंपनी की ओर से परिवार को पर्याप्त सहायता और मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है. इसी बात से नाराज होकर कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों ने विरोध का रास्ता अपनाया.

फिलहाल सेक्टर-64 स्थित स्टोर के बाहर प्रदर्शन जारी है. मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और स्थिति पर पुलिस एवं प्रशासन की भी नजर बनी हुई है. प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए सम्मानजनक मुआवजे और आर्थिक सुरक्षा की मांग पर अड़े हुए हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button