Himachal

मंडी के विकास ठाकुर बने सेना में लेफ्टिनेंट, गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत

जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र के होनहार युवा विकास ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून से कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जैसे ही विकास अपने पैतृक गांव पलाहोटा पहुंचे, पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया. उनकी इस उपलब्धि को लेकर ग्रामीणों, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला.

रविवार को सुंदरनगर पहुंचने पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लेफ्टिनेंट विकास ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं. इसके बाद उपमंडल सुंदरनगर की नेहरा पंचायत के पलाहोटा गांव में ग्रामीणों और परिजनों ने ढोल-नगाड़ों, गगनभेदी नारों और फूल-मालाओं के साथ अपने लाडले का अभिनंदन किया. गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने विकास की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया.

पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए विकास ने देश सेवा का संकल्प लिया और कठिन मेहनत, लगन तथा समर्पण के बल पर सीधी भर्ती के माध्यम से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया. उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है. विकास की उपलब्धि में उनके दादा हेम सिंह ठाकुर, दादी मथुरा देवी और माता भुवनेश्वरी देवी के आशीर्वाद और सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

इस अवसर पर दादा हेम सिंह ठाकुर, पिता कुसुम कुमार ठाकुर और रिश्तेदार प्रेम सिंह ठाकुर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि विकास ने पूरे परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. ये उपलब्धि केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे नाचन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. विकास ठाकुर की सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी देश सेवा के लिए भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button