FIFA World Cup: स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हराया, जापान बनाम नीदरलैंड्स मैच 2-2 से रहा ड्रॉ

भारतीय समय के अनुसार सोमवार (15 जून) को वर्ल्ड कप के कुल चार मैच खेले जाएंगे, जिसमें से तीन मैच के नतीजे आ चुके हैं. स्वीडन ने ट्यूनीशिया पर शानदार जीत दर्ज की, वहीं आइवरी कोस्ट ने एक रोमांचक मुकाबले में इक्वाडोर को हराया, जबकि जापान और नीदरलैंड के बीच तीसरा मैच 2-2 से ड्रॉ रहा.
ग्रुप F मैच में स्वीडन ने ट्यूनीशिया पर 5-1 से बड़ी जीत दर्ज की है. स्वीडन की तरफ से विक्टर ग्योकेरेस, अलेक्जेंडर इसाक, यासीन अयारी और मटियास स्वानबर्ग ने गोल किए, जबकि ट्यूनीशिया की तरफ से एकमात्र गोल उमर रेकिक ने हैनिबल मेबरी के शानदार पास पर हेडर से अपना पहला इंटरनेशनल गोल किया.
वहीं दूसरे मैच में जापान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मैच को 2-2 से ड्रॉ करा दिया. जापान मैच में 1 गोल से पिछड़ रहा था, और ऐसा लग रहा था कि वो मैच हार जाएंगे लेकिन 88वें मिनट में वो एक गोल करने में सफल हो गए जिससे वो नीदरलैंड्स के खिलाफ दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच 2-2 से ड्रॉ करा दिया.
नीदरलैंड्स की तरफ से क्रिसेंसियो समरविले और वैन डाइक ने गोल किए जबकि जापान की तरफ से नाकामुरा और कामाडा ने गोल किए. खास बात यह है कि यह पहला मौका था जब नीदरलैंड्स ने वर्ल्ड कप मैच के लिए अपनी शुरुआती XI में किसी भी घरेलू खिलाड़ी को शामिल नहीं किया था.
मैच ड्रॉ होने के बाद जापान के कोच हाजिमे मोरियासु ने कहा, ‘मुझे निराशा है कि हम जीत नहीं पाए, लेकिन दो बार पिछड़ने के बावजूद खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और एक टीम के तौर पर मिलकर जबरदस्त संघर्ष किया. हालांकि सिर्फ एक पॉइंट मिलना थोड़ा निराशाजनक है, लेकिन हमने अपनी सामूहिक कोशिशों से एक नतीजा हासिल किया. हमने धैर्य के साथ बचाव किया और फिर आगे बढ़कर ज्यादा आक्रामक खेलने की कोशिश की. खिलाड़ियों ने ठीक वैसा ही किया जिसकी हमने योजना बनाई थी और तैयारी की थी.’
अमाद डियालो के 90वें मिनट में किए गए गोल की मदद से आइवरी कोस्ट ने फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप E के रोमांचक मुकाबले में इक्वाडोर को 1-0 से हरा दिया.
मैच बिना किसी गोल के ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, तभी सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए अमाद ने निचले कोने में शानदार शॉट मारकर अपनी टीम को 2014 के बाद पहली वर्ल्ड कप जीत दिलाई. इस जीत के साथ आइवरी कोस्ट ग्रुप E में जर्मनी के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया. जर्मनी ने रविवार को कुराकाओ को 7-1 से हराया था.
खास बात यह है कि 19 साल और 212 दिन की उम्र में, यान डियोमांडे आइवरी कोस्ट के लिए FIFA वर्ल्ड कप मैच में खेलने वाले पहले टीनएजर बन गए.



