NationalRegionalStatesUttar Pradesh

जयपुर में फायर सेफ्टी पर बड़ा एक्शन: 14 कोचिंग-लाइब्रेरी सील, 24 को नोटिस

लखनऊ हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट, नगर निगम-पुलिस ने चलाया जांच अभियान; इमरजेंसी एग्जिट और फायर NOC नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई

जयपुर: लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटना के बाद जयपुर प्रशासन अलर्ट पर आ गया है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर में फायर सेफ्टी को लेकर बड़ा अभियान चलाया।

14 कोचिंग-लाइब्रेरी सील, 24 को थमाया नोटिस 

जांच के दौरान फायर फाइटिंग सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट मानकों पर खरे नहीं उतरने पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। 14 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी को तुरंत सील कर दिया गया, जबकि 24 से ज्यादा संस्थानों को फायर सेफ्टी में खामियों को लेकर नोटिस जारी किया गया है।

जांच में क्या-क्या देखा गया? 

नगर निगम अधिकारियों और पुलिस ने कोचिंग संस्थानों में इन बिंदुओं पर फोकस किया:

• फायर फाइटिंग सिस्टम: उपकरण काम कर रहे हैं या नहीं, एक्सपायर तो नहीं हुए • इमरजेंसी एग्जिट: आपातकाल में बाहर निकलने के रास्ते खुले और बाधारहित हैं या नहीं • फायर NOC: संस्थानों से फायर विभाग की एनओसी के दस्तावेज भी मांगे गए • अन्य सुरक्षा इंतजाम: भवन में जरूरी सुरक्षा उपकरणों की मौजूदगी

अधिकारियों का कहना है कि जयपुर में बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग में पढ़ाई करते हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन जरूरी है।

सील किए गए कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी 

कार्रवाई के दौरान इन संस्थानों पर ताला लगाया गया:

• कार्तिक कॉम्पिटिशन, अरावली क्लासेस, मैड गुरु • राजस्थान जेट क्लासेस, विजीपी क्लासेस/जेजे क्लासेस, एएसपी क्लासेस • क्लास 24, करियर विल ऑफलाइन, इंटरनेशनल क्लासेस • गुरुकुल लाइब्रेरी, डीएन क्लासेस, मां सरस्वती लाइब्रेरी • डीएन लाइब्रेरी, कार्तिक लाइब्रेरी

प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी शहर के सभी कोचिंग संस्थानों और हॉस्टल में फायर सेफ्टी की जांच जारी रहेगी। मानक पूरे नहीं करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई तय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button