चंडीगढ़ मौली जागरां में सरेआम कत्ल, 12 युवकों ने घेरकर किया हमला, युवक की मौत

चंडीगढ़ के मौली जागरां के विकास नगर में रविवार रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. 10 से 12 युवकों के एक समूह ने दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया. इस हमले में तोता नाम से पहचान रखने वाले युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई युवक दोनों दोस्तों को घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं. कुछ ही सेकेंड में विवाद हिंसक रूप ले लेता है और हमलावर लगातार चाकुओं से वार करते नजर आते हैं. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात को अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया. एक निवासी ने कहा, “जब हम बाहर निकले तो देखा कि कई युवक दो लोगों पर हमला कर रहे थे. पूरा दृश्य बेहद डरावना था.” लोगों का कहना है कि खुलेआम हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इधर, सूचना मिलते ही मौली जागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल आकाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि तोता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद जैसे पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, “जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं. आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं. पुलिस ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.



