हिमाचल में आज से आंधी-तूफान, बिजली गिरने का येलो अलर्ट, इस दिन तक नहीं मिलने वाली राहत

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के चलते हिमाचल में मौसम पूरी तरह बदल गया है. विभिन्न क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है. हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने हिमाचल के बीच और ऊंची पहाड़ियों में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों और चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला जिलों के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. इसके साथ ही मंडी जिले और चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला जिलों के बाकी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश, हल्की आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
मौसम विभाग ने आज (सोमवार, 15 जून) प्रदेश के सात जिले चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. सोमवार, 15 जून से 18 जून तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ जगहों पर और 15 और 16 जून को सोलन और सिरमौर में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 जून तक प्रदेश में बारिश का भी अनुमान लगाया है.
प्रदेश कुछ जगहों पर हल्की बारिश को छोड़कर, पिछले 24 घंटों में मौसम ज़्यादातर सूखा रहा और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है. रविवार को कुकुमसेरी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में ऊना दिन में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 4-8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है.




