
शिमला, 5 अक्तूबर: एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली हिमाचल प्रदेश की तीन स्टार खिलाड़ियों—पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर—को राज्य सरकार ने एक-एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही तीनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का भी बड़ा ऐलान किया गया है।
सोमवार को शिमला स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से इन तीनों खिलाड़ियों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
सरकारी नौकरी और विशेष सम्मान राशि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि खिलाड़ियों को उनकी इच्छा के अनुसार नौकरी प्रदान की जाएगी। जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवा नहीं देना चाहतीं, उन्हें खेल विभाग में नियुक्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को भी 1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
खिलाड़ियों की मांग पर सरकार का फैसला इससे पूर्व, नई खेल नीति के तहत एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को 33-33 लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया था। हालांकि, कबड्डी खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक के बावजूद कम पुरस्कार राशि दिए जाने पर असंतोष जताया था। खिलाड़ियों ने यह विषय मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा, जिसके बाद सरकार ने प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 1-1 करोड़ रुपये करने का निर्णय लिया।
सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे प्रदेश को गर्व है और राज्य सरकार जल्द ही एक भव्य समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों को यह पुरस्कार राशि सौंपेगी।




