NationalRegionalStatesViral

पुणे के कॉलेज की लिफ्ट में 12 घंटे तक फंसी रही 19 वर्षीय छात्रा, अगली सुबह सुरक्षित निकाला गया

पुणे के कॉलेज की लिफ्ट में 12 घंटे तक फंसी रही 19 वर्षीय छात्रा, अगली सुबह सुरक्षित निकाला गया

पुणे, 22 नवंबर 2026: महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण 19 वर्षीय छात्रा करीब 12 घंटे तक अंदर फंसी रही। बुधवार शाम हुई इस घटना के बाद रात भर चले तलाशी अभियान के बाद गुरुवार सुबह छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी।

लेक्चर के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा

लोनी कालभोर स्थित एमआईटी (MIT) कॉलेज की यह छात्रा बुधवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच लेक्चर खत्म होने के बाद घर लौट रही थी। लोनी कालभोर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समाधान पवार ने बताया कि छात्रा कॉलेज से निकलने वाली आखिरी विद्यार्थी थी। जब वह पांचवीं मंजिल से नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुई, तो बार-बार बिजली कटने (पावर इंटरप्शन) के कारण लिफ्ट अचानक बंद हो गई। चूंकि उस समय कॉलेज परिसर में कोई अन्य छात्र मौजूद नहीं था, इसलिए किसी को भी उसके लिफ्ट में फंसे होने का पता नहीं चल सका।

रात भर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

जब छात्रा देर शाम तक घर नहीं पहुंची, तो उसके माता-पिता और उसी कॉलेज में पढ़ने वाली उसकी बहन ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर परिजन बुधवार रात करीब 9 बजे लोनी कालभोर पुलिस थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया और तुरंत तलाश शुरू की। पुलिस की टीमों ने गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तक कॉलेज परिसर, आसपास की इमारतों और अन्य इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

सुबह 7 बजे लिफ्ट से सुरक्षित निकाला गया

वरिष्ठ निरीक्षक पवार के अनुसार, तलाशी के दौरान गुरुवार सुबह करीब 7 बजे छात्रा कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर रुकी हुई लिफ्ट के अंदर फंसी मिली, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बेटी के सुरक्षित मिल जाने के बाद माता-पिता ने पुलिस को सूचित किया कि वे इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते हैं। हालांकि, पुलिस ने कॉलेज प्रशासन को पत्र लिखकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों और लिफ्ट के रखरखाव में जरूरी सुधारों का ब्योरा मांगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button