Haryana

रोहतक मॉडल टाउन अग्निकांड: CM नायब सैनी का बड़ा ऐलान, पीड़ित दुकानदारों को 5-5 लाख की राहत

रोहतक के मॉडल टाउन में 9 जून को हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने जूते के शोरूम में लगी भीषण आग से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. साथ ही अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर भी उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया. दरअसल, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि, “यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और किसी को भी नुकसान नहीं होने दिया जाएगा.”

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राहत की घोषणा करते हुए कहा कि, “आग से प्रभावित प्रत्येक दुकानदार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा नुकसान झेलने वाले रेहड़ी-फड़ी संचालकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत मिले और उनका कारोबार दोबारा पटरी पर लौट सके.”

मुख्यमंत्री ने बताया कि, “अग्निकांड में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के परिवारों के लिए पहले ही 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की जा चुकी है. सरकार मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का कार्य कर रही है.”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, “सरकार द्वारा गठित जांच समिति घटना के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही है. जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मुआवजे और अन्य राहत उपायों पर भी विचार किया जाएगा.” इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए.
बता दें कि 9 जून को मॉडल टाउन स्थित एक जूते के शोरूम में भीषण आग लग गई थी, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद प्रशासन, सरकार और विपक्ष के नेता लगातार प्रभावित परिवारों और व्यापारियों से मुलाकात कर रहे हैं. मुख्यमंत्री के दौरे को पीड़ितों के लिए राहत और भरोसे के संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button