
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) | 12 जुलाई 2026: भारत घूमने आए चार ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों का सफर उस समय एक दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया, जब गूगल मैप्स (Google Maps) की नेविगेशन गलती ने उन्हें उनकी मंजिल से काफी दूर हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में पहुंचा दिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ये चार पर्यटक दिल्ली से भारत भ्रमण के लिए निकले थे। उन्होंने एक मॉडिफाइड ऑटो किराए पर लिया और उसी के जरिए जम्मू-कश्मीर जाने का मन बनाया। यात्रा के दौरान वे चंडीगढ़, नंगल, ऊना और बड़सर होते हुए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन गूगल मैप्स के गलत दिशा-निर्देशों के कारण वे शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हमीरपुर जिले के एक ऐसे गांव में पहुंच गए जिसका नाम ‘कश्मीर’ है।
गूगल मैप से जुड़ा बेहद रोचक वाक्या है यह। आस्ट्रेलिया से आए दो अंग्रेज जम्मू-कश्मीर जा रहे थे। गूगल मैप पर कश्मीर डाल के ऑटो दौड़ा दिया। गूगल मैप इन्हें हिमाचल के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव में ले आया। गांववालों ने जब इनसे पूछा तो इन्होंने सारी कहानी बताई। खैर, इन्हें गांववालों… pic.twitter.com/SJEqd8fgwe
— thehillnews.in (@thehill_news) July 11, 2026
पर्यटक रह गए हैरान
जब वे गांव पहुंचे, तो तीन पर्यटक ऑटो के अंदर ही बैठे रहे, लेकिन उनमें से एक पर्यटक गाड़ी से बाहर निकल आया और सड़क पर खुशी से नाचने लगा। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें देखा, तो वे हैरान रह गए। पर्यटकों ने जब स्थानीय ग्रामीणों से जम्मू-कश्मीर के रास्ते के बारे में पूछताछ की, तब उन्हें पता चला कि वे जिस ‘कश्मीर’ को ढूंढ रहे थे, वह असल में जम्मू-कश्मीर राज्य है, न कि हमीरपुर का यह छोटा सा गांव।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पर्यटक का सड़क पर डांस करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
अपनी मंजिल के लिए हुए रवाना
गलती का अहसास होने के बाद, पर्यटकों ने गांव में करीब 15 मिनट विश्राम किया। इसके बाद उन्होंने गूगल मैप्स पर जम्मू-कश्मीर की सही लोकेशन दोबारा सेट की और कांगू, नादौन होते हुए अपने वास्तविक गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
गूगल मैप्स की इस तकनीकी चूक ने विदेशी पर्यटकों की इस यात्रा को यादगार बना दिया है, और यह घटना अब इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रही है।




