डाबर इंडिया को FSSAI का झटका: ‘100% शुद्ध’ का दावा करने वाले प्रोडक्ट्स की बिक्री बैन
विज्ञापन नियमों के उल्लंघन और 'जैविक भारत' लोगो के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर खाद्य नियामक (FSSAI) ने डाबर इंडिया को जारी किया सख्त आदेश

4 अगस्त, नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India Ltd) के खिलाफ एक बड़ा आदेश जारी किया है। नियामक निकाय ने कंपनी को अपने उन सभी खाद्य उत्पादों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया है, जिन पर “100%” शुद्धता, प्राकृतिक होने या जैविक होने का भ्रामक दावा किया जा रहा था।
किन-किन उत्पादों पर पड़ा असर?
FSSAI के इस प्रतिबंधात्मक आदेश (Prohibition Order) के तहत निम्नलिखित उत्पाद और श्रेणी शामिल हैं:
-
डाबर शहद (Dabur Honey)
-
गाय का देसी घी (Cow Ghee)
-
एप्पल साइडर विनेगर (Apple Cider Vinegar)
-
नारियल तेल व तिल का तेल (Virgin Coconut Oil & Sesame Oil)
-
नारियल पानी एवं नारियल का दूध (Coconut Water & Coconut Milk)
कार्रवाई की मुख्य वजहें
-
भ्रामक और अस्पष्ट दावे: कंपनी की वेबसाइट और विज्ञापनों पर “100% Natural”, “100% Pure”, “100% Purity Guaranteed”, “100% Organic” और “100% Tender Coconut Water” जैसे शब्दों का प्रयोग किया जा रहा था। FSSAI के अनुसार ये दावे अस्पष्ट हैं, इन्हें वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं किया जा सकता और ये ग्राहकों को गुमराह करते हैं।
-
नियमों का उल्लंघन: ये दावे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018 का उल्लंघन करते हैं। मिश्रित खाद्य पदार्थों (Compound Foods) के लिए ऐसे दावे करने की अनुमति नियम में नहीं है।
-
बिना अनुमति ‘जैविक भारत’ लोगो का इस्तेमाल: डाबर के ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और ऑर्गेनिक हनी पर मान्य FSSAI ऑर्गेनिक अप्रूवल के बिना ही ‘जैविक भारत’ (Jaivik Bharat) का लोगो लगाया गया था।
15 दिनों के भीतर एक्शन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश
FSSAI ने बताया कि उसने पहले भी डाबर को इन दावों को हटाने के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन संतोषजनक सुधार न होने पर यह सख्त आदेश जारी करना पड़ा। नियामक ने डाबर इंडिया को तुरंत इन सभी उत्पादों की बिक्री रोकने और 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) जमा करने को कहा है।
वहीं, डाबर इंडिया ने बयान जारी कर कहा है कि वे FSSAI द्वारा दिए गए नोटिस और अपनी वेबसाइट पर मौजूद कंटेंट की समीक्षा कर रहे हैं।





